Nitin Nabin Jharkhand Visit: झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए एयरपोर्ट परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं।
एयरपोर्ट पर पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ हुआ स्वागत
नितिन नबीन के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी। कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘जोहार’ लिखे पोस्टर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले बड़े पोस्टर नजर आए। वहीं, पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर आदिवासी नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।
Nitin Nabin Jharkhand Visit: 24 और 25 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
नितिन नबीन अपने झारखंड प्रवास के दौरान 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में संगठन की मजबूती, पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर चर्चा होगी। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित होने वाली यह पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक है। ऐसे में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश कार्यालय में तैयारियों को लेकर हुई बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 24 और 25 अक्टूबर को होने वाली कार्यसमिति की बैठक को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के झारखंड आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है।
संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर रहेगी नजर
भाजपा के इस दो दिवसीय संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरें टिकी हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को लेकर क्या निर्णय लिए जाते हैं और झारखंड में पार्टी की आगे की रणनीति किस दिशा में बढ़ती है।
इसे भी पढ़ें-Rahul Gandhi Foreign Trip: निशिकांत दुबे का राहुल गांधी पर तीखा हमला






