Sugar Subsidy Jharkhand: झारखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत दी जाने वाली सब्सिडी वाली चीनी को लेकर एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। केंद्र सरकार द्वारा चीनी पर सब्सिडी बंद कर दिए जाने के कारण, अब राज्य में ‘अंत्योदय अन्न योजना’ के लाभार्थियों को चीनी उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है। राज्य के खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार, केंद्र से सब्सिडी नहीं मिलने के कारण केंद्र प्रायोजित योजना के तहत चीनी का वितरण जारी रखना संभव नहीं होगा। इससे राज्य के लाखों गरीब परिवार प्रभावित हो सकते हैं।
8.92 लाख परिवारों को मिलता था लाभ
वहीं झारखंड में अंत्योदय अन्न योजना के तहत करीब 8.92 लाख परिवारों को हर महीने 1 किलो चीनी अनुदानित दर पर उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को जरूरी खाद्य सामग्री कम कीमत पर उपलब्ध कराना है। हालांकि लंबे समय से लाभुकों को चीनी नहीं मिल रही है और PDS दुकानों के माध्यम से इसका वितरण बंद है।
Sugar Subsidy Jharkhand:अक्टूबर 2024 में आखिरी बार मिली थी चीनी
जानकारी के अनुसार लाभुकों को आखिरी बार अक्टूबर 2024 में एक साथ तीन महीने की चीनी उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद से चीनी वितरण की व्यवस्था ठप है। जनवरी 2025 के बाद से चीनी की खरीद और वितरण भी नहीं हुआ है। ऐसे में लाभुक लंबे समय से अनुदानित चीनी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
केंद्र की सब्सिडी बंद होने से बढ़ी परेशानी
खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पहले केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी मिलने के कारण अंत्योदय कार्डधारियों को पीडीएस दुकानों के माध्यम से चीनी उपलब्ध कराई जाती थी। लेकिन अब केंद्र सरकार ने चीनी पर सब्सिडी बंद कर दी है। इस कारण केंद्र प्रायोजित योजना के तहत लाभुकों को चीनी उपलब्ध कराना संभव नहीं होगा।
इस फैसले के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि झारखंड सरकार अंत्योदय परिवारों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाएगी। क्या राज्य सरकार अपने स्तर पर चीनी वितरण की व्यवस्था करेगी या लाखों लाभुकों को इस सुविधा से वंचित ही रहना पड़ेगा? फिलहाल त्योहारों के इस सीजन में लाभुकों की नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी है।
इसे भी पढ़ें- Garhwa DC Public Hearing: उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की जनसुनवाई






