सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ जिला पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गायारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े 7,59,650 रु नकद और 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। एसपी ने बताया कि ब्राउन शुगर की बिक्री से प्राप्त नकदी की बरामदगी के मामले में यह सरायकेला जिला पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।

छत पर चल रहा था हिसाब-किताब, पुलिस पहुंचते ही भागे आरोपी
एसपी मनोज स्वर्गायारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आदित्यपुर के मुस्लिम बस्ती स्थित कुख्यात आरोपी जावेद अंसारी उर्फ लालटू के घर पर ब्राउन शुगर की बिक्री से प्राप्त पैसों का हिसाब-किताब किया जा रहा है। सूचना के आधार पर तड़के विशेष टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी छत के रास्ते छज्जे और पाइप के सहारे भागने लगे। इस दौरान वे नकदी से भरे छोटे-छोटे झोले भी आसपास फेंकते गए।
एक आरोपी गिरफ्तार, नकदी और ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस ने घेराबंदी कर आज़ाद अंसारी (पिता- मियाजान अंसारी), निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई, को गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी के दौरान 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और ₹7,59,650 नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद नकदी को ब्राउन शुगर की बिक्री से जुड़ी रकम बताया है।
मुख्य आरोपी समेत छह फरार, तलाश जारी
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी जावेद अंसारी उर्फ लालटू, इमरान, राशिदा खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल और प्रकाश पटेल मौके से फरार होने में सफल रहे। एसपी ने बताया कि सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अपराध छोड़ने वालों को मौका, अपराधियों को नहीं मिलेगी राहत
एसपी मनोज स्वर्गायारी ने कहा कि रातभर चले अभियान के बाद इस बड़ी सफलता को हासिल करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग अपराध का रास्ता छोड़ चुके हैं, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। लेकिन जो अपराध करेंगे या अपराधियों को संरक्षण देंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read- JPSC भर्ती घोटाले की जांच तेज, पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से CID की पूछताछ





