Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

UNICEF: विश्व बाल दिवस पर CM हेमन्त सोरेन से मिले 10 बाल पत्रकार, बाल विवाह और बाल श्रम रोकने के प्रयासों पर हुई खास चर्चा

UNICEF: विश्व बाल दिवस पर CM हेमन्त सोरेन से मिले 10 बाल पत्रकार
---Advertisement---

UNICEF: विश्व बाल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में UNICEF के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने बाल अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कुरीतियों और अपने सपनों एवं भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री के साथ खुलकर संवाद किया।

बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में किए गए सकारात्मक बदलावों की जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह वे बाल विवाह, बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों को रोकने और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

इस खास मुलाकात के दौरान बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे समाज में जागरूकता फैलाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर किए जा रहे जागरूकता अभियानों की भी जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

UNICEF: शिक्षा व्यवस्था में सुधार और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर CM का जोर

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बाल पत्रकारों के सवालों को गंभीरता से सुना और उनका सहजता, आत्मीयता एवं संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के विषय पर भी समीक्षा कर उचित समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि शिक्षक अपना अधिक समय बच्चों की पढ़ाई को दे सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को भी निखारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए स्कूलों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में पुस्तकालयों के निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि शिक्षा से व्यक्ति में सही और गलत के बीच अंतर समझने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।

बाल विवाह और माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता बढ़ाने की अपील

बाल विवाह के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यह केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और उनके स्वाभाविक विकास के लिए भी नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह का दुष्प्रभाव लड़कियों के साथ लड़कों पर भी पड़ता है। इसलिए बच्चों की शादी निर्धारित कानूनी उम्र में ही होनी चाहिए और समाज में इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से सीधे बातचीत करने का निर्देश दिया गया है, ताकि बच्चों की समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को करीब से समझा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है, किसी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार बच्चों के लिए सुरक्षित, सकारात्मक और उनके अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और अपने सपनों को पूरा करने के समान अवसर मिलें।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यूनिसेफ के बाल पत्रकारों द्वारा अपने स्कूल और समुदाय में किए जा रहे प्रयास दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणा बनेंगे। साथ ही अधिक से अधिक बच्चे अपने अधिकारों को समझेंगे और सामाजिक बदलाव की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। विश्व बाल दिवस के अवसर पर हुई यह मुलाकात बच्चों की भागीदारी, उनके आत्मविश्वास और बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण संदेश दे गई।

इसे भी पढ़ें- RIMS Land Scam: गिरफ्तार बेरमो एसडीओ मनोज कुमार के मानगो स्थित बंगले पर ACB की छापेमारी

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

1 thought on “UNICEF: विश्व बाल दिवस पर CM हेमन्त सोरेन से मिले 10 बाल पत्रकार, बाल विवाह और बाल श्रम रोकने के प्रयासों पर हुई खास चर्चा”

Leave a Comment