Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

Jamtara News: जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार, 8 मोबाइल और 13 सिम कार्ड बरामद

Jamtara News: जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
---Advertisement---

Jamtara News: झारखंड में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जामताड़ा पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी निवासी समरेश मंडल और प्रलाध कुमार मंडल, नारायणपुर थाना क्षेत्र के विष्टोपुर निवासी खगेन दां तथा जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद निवासी उत्तम नाग के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Jamtara News: अंग्रेजी में बातचीत से लेकर फर्जी ई-चालान तक

एसपी शंभु कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का ठगी करने का तरीका अलग-अलग था। समरेश मंडल पढ़ा-लिखा युवक है और अंग्रेजी में बातचीत कर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद उन्हें अपने जाल में फंसाकर साइबर ठगी करता था।

वहीं, समरेश मंडल और प्रलाध कुमार मंडल आरटीओ ई-चालान के नाम पर लोगों को निशाना बनाते थे। दोनों आरोपियों द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी APK फाइल भेजी जाती थी। इस तरह के फर्जी लिंक और एप के जरिए लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया जाता था।

दूसरी ओर, खगेन दां बैंक अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क करता था और एटीएम तथा ओटीपी से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी करता था। जबकि उत्तम नाग फोन-पे पर 2,999 रुपये कैशबैक मिलने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी अलग-अलग तरीकों से ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

पहले भी जेल जा चुके हैं दो आरोपी, पुलिस को अन्य संलिप्त लोगों की तलाश

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी ने यह भी खुलासा किया कि गिरफ्तार आरोपियों में समरेश मंडल और खगेन दां पहले भी साइबर अपराध से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं। इसके बावजूद दोनों दोबारा साइबर अपराध की गतिविधियों में शामिल पाए गए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद 8 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड को जब्त कर लिया है। इन उपकरणों के आधार पर पुलिस साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से मिले सुराग के आधार पर इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

जामताड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्हाट्सएप लिंक, फर्जी ई-चालान APK और कैशबैक के लालच में आने से बचें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना एटीएम पिन, ओटीपी या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। थोड़ी सी सतर्कता ऑनलाइन ठगी से बचने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।

इसे भी पढ़ें- UNICEF: विश्व बाल दिवस पर CM हेमन्त सोरेन से मिले 10 बाल पत्रकार

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

1 thought on “Jamtara News: जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार, 8 मोबाइल और 13 सिम कार्ड बरामद”

Leave a Comment