रांची प्रेस क्लब में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग की ओर से एक दिवसीय मीडिया प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में झारखंड के विभिन्न जिलों से टैलेंट हंट के माध्यम से चयनित पार्टी प्रवक्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रवक्ताओं को मीडिया के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने और पार्टी की विचारधारा को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों ने भाग लिया। उन्होंने प्रवक्ताओं को मीडिया से संवाद के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि टीवी चैनलों, डिजिटल मीडिया और अन्य मंचों पर प्रभावी तरीके से अपनी बात कैसे रखी जाए। समाचारों के निर्माण की प्रक्रिया क्या होती है और मीडिया की कार्यप्रणाली किस प्रकार काम करती है।
उन्होंने कहा कि शिविर में कांग्रेस की विचारधारा, देश की आजादी के आंदोलन में कांग्रेस की भूमिका तथा पार्टी के इतिहास और योगदान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रवक्ताओं को मीडिया के समक्ष तथ्यों और तर्कों के साथ पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के लिए तैयार करना है।
Also Read- जमशेदपुर में सड़क किनारे खड़ी बस में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुई खाक





