द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में बांग्ला सावन की दूसरी सोमवारी पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और नेपाल सहित विभिन्न राज्यों एवं पड़ोसी देश से पहुंचे लाखों कांवरियों ने 108 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल बाबा बैद्यनाथ पर अर्पित किया।

सोमवार होने के कारण अहले सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ बाबा के दरबार में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पुरोहित लंबोदर महाराज ने बताया कि इस बार दूसरी सोमवारी का महत्व और भी बढ़ गया है क्योंकि प्रातःकाल त्रयोदशी तिथि का भी संयोग है। उन्होंने कहा कि सोमवार और त्रयोदशी का यह शुभ संयोग बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को बाबा धाम की ओर आकर्षित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि सोमवार की संध्या बेला में बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में बेलपत्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। आकर्षक ढंग से सजाई जाने वाली यह प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है।
बाबा वैद्यनाथ धाम के अलावा ‘बांग्ला सावन’ की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर आज सुबह से देश के कई इलाकों के शिव मंदिरों और नदी घाटों पर असीम आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिल रहा है । भगवान आशुतोष के जलाभिषेक के लिए तड़के से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शहर से सटे बेलवा स्थित पवित्र डोंक नदी में आस्था की डुबकी लगाई. स्नान के पश्चात भक्तों ने कलश में जल भरकर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ विभिन्न शिवालयों की ओर प्रस्थान किया।
Also Read- JAMSHEDPUR: करनडीह एसएस हाई स्कूल में छात्राओं को मिली साइकिलें





