गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के पाचाडूमर गांव के पास सोमवार सुबह सोन नदी में बड़ा हादसा हो गया। सावन सोमवारी के मौके पर नदी में स्नान करने पहुंची तीन छात्राएं सेल्फी लेने के दौरान गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि दो छात्राओं का अब तक पता नहीं चल सका है। दोनों की तलाश के लिए ग्रामीणों के साथ स्थानीय गोताखोर और प्रशासन की टीम नदी में अभियान चला रही है।
सावन सोमवारी को पाचाडूमर गांव से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ सोन नदी में जल उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन लड़कियां नदी में स्नान करने के बाद सेल्फी लेने लगीं। इसी क्रम में वे नदी के गहरे हिस्से में चली गईं और अचानक डूबने लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया और एक लड़की को बाहर निकाल लिया। उसकी हालत को देखते हुए इलाज के लिए भेजा गया। वहीं बबलू प्रसाद की पुत्री जूली कुमारी और गीरवर ठाकुर की पुत्री खुशबू कुमारी अभी लापता हैं। दोनों की तलाश लगातार जारी है।
बताया गया है कि दोनों लापता छात्राएं छाताकुंड उच्च विद्यालय में कक्षा नौवीं की छात्रा हैं। घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा बचाव अभियान तेज किया गया।
पाचाडूमर और आसपास के इलाकों में घटना की खबर फैलते ही शोक का माहौल बन गया। लापता छात्राओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और सभी की नजरें बचाव अभियान पर टिकी हैं।
घटनास्थल पर केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, समाजसेवी पंकज सिंह सहित स्थानीय लोग मौजूद हैं। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी के संभावित गहरे हिस्सों में दोनों छात्राओं की तलाश की जा रही है। प्रशासन की टीम भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
सोन नदी का यह क्षेत्र पहले भी नदी की तेज धारा और बदलती जलधारा के कारण संवेदनशील रहा है। गढ़वा जिले के केतार प्रखंड के कई गांव सोन नदी के तट पर स्थित हैं। ऐसे में नदी में स्नान या अन्य गतिविधियों के दौरान गहरे पानी में जाने से विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
Also Read- रांची: आखिरी बैरिकेडिंग भी धवस्त, विधानसभा के करीब पहुंचे प्रदर्शनकारी





