धनबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संविदा आधारित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करते हुए धनबाद में 18 पदों पर 120 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गई है।

इन पदों के लिए कुल 956 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था जिसके बाद लिखित परीक्षा और सफल अभ्यर्थियों का स्किल टेस्ट आयोजित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैबोरेट्री टेक्नीशियन समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। सदर अस्पताल धनबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने नव नियुक्त कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि इन स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सदर अस्पताल के साथ-साथ विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में की जाएगी। वहीं विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि मेरिट सूची में मामूली अंतर से पीछे रह गए अभ्यर्थियों को आगामी नियुक्ति प्रक्रिया में फिर से अवसर दिया जा सकता है।
धनबाद में हुई इन नियुक्तियों से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Also Read- कांग्रेस ने प्रवक्ताओं को दी मीडिया की पाठशाला, रांची में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन





