जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित पुराने एमजीएम हॉस्पिटल के सामने सोमवार शाम रंगदारी वसूली के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि चापड़ से लैस कुछ युवक एक दुकानदार के पास पहुंचे और उससे रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर दुकानदार पर हमला कर दिया गया। हमले में दुकानदार के हाथ में चोट आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपित युवकों का नेतृत्व नंदू लोहार कर रहा था। दुकानदार द्वारा रंगदारी देने से इनकार किए जाने पर आरोपितों ने चापड़ से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी वसूली के प्रयास से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमशेदपुर में पिछले 2 महीने के भीतर 22 चापड़ हमलों में 5 लोगों की हत्या हो चुकी है जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। छोटी-छोटी बातों पर जानलेवा हमले करना अब आम बात हो चुकी है। जमशेदपुर में चापड़ से हमला करना अपराधियों का नया ट्रेंड बन गया है। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद इस तरह के हमलों पर लगाम नहीं लग पा रहा है।
Also Read- 14वीं जेपीएससी परीक्षा की जांच तक अगली परीक्षाएं स्थगित हों : जयराम महतो





