गिरिडीह : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से सोमवार को गिरिडीह के टावर चौक पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों एवं केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

धरना कार्यक्रम में मौजूद झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन देने और मुफ्त गैस उपलब्ध कराने का वादा किया गया था, लेकिन अब सरकार अपने वादों से मुकर गई है।
नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि ने गरीब और मध्यम वर्ग की परेशानियां बढ़ा दी हैं। झामुमो नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और गैस के दाम कम नहीं किए गए, तो पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में संजय सिंह, गिरिडीह महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, पूर्व विधायक केदार हाजरा, महालाल सोरेन, शाहनवाज अंसारी, अजीत कुमार पप्पू, प्रणव वर्मा, राकी सिंह, दिलीप रजक, अनवर अंसारी, नौशाद अहमद चांद, नागेश्वर दास, अभय कुमार, राकेश रंजन, मुकेश कुमार, दारा हजरा, बबली मरांडी, प्रमिला देवी, प्रीति भास्कर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।





