अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुंदा थाना क्षेत्र के तेगम गांव में छापेमारी कर पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अफीम और अफीम डोडा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 24 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि तेगम गांव निवासी 22 वर्षीय जलेश कुमार अपने घर में अवैध रूप से अफीम और अफीम डोडा छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर 7.540 किलोग्राम अफीम, 293.900 किलोग्राम अफीम डोडा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और वीवो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद सभी सामान को जब्त कर आरोपी जलेश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में कुंदा थाना कांड संख्या-52/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15, 18, 27 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि इस अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया, कुंदा थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Also Read- NEET विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा





