रामगढ़ जिले के सीमावर्ती क्षेत्र गिद्दी में पुलिस ने लेवी और रंगदारी वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के दो कथित सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नु कुमार साव, पिता प्रमोद साव, निवासी सौदागर मोहल्ला, रामगढ़ कैंट और अविनाश कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता राजेश साव, निवासी कोरीटोला मुंडा टोली, रामगढ़ के रूप में हुई है।
गिद्दी थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधकर्मी कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से गिद्दी क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और तत्काल कार्रवाई के लिए छापामारी टीम का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस के मुताबिक, लेवी और रंगदारी की रकम वसूलने के बाद आरोपी ग्राम बुंडू-बसरिया होते हुए रामगढ़ की ओर भाग रहे थे। इसी दौरान छापामारी टीम ने उनका पीछा किया और टोंगी गिद्दी मेन रोड के पास मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपियों को रुकने का इशारा किया।
पुलिस का कहना है कि रुकने के बजाय दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने उन्हें मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से लेवी के 40 हजार रुपये, मोबाइल फोन और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है। मामले को लेकर गिद्दी थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत रंगदारी से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की गतिविधियों और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।






