Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन साइबर ठग गिरफ्तार, बैंक अधिकारी बनकर करते थे लाखों की ठगी

On: July 31, 2026 5:35 PM
Follow Us:
जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन साइबर ठग गिरफ्तार, बैंक अधिकारी बनकर करते थे लाखों की ठगी
---Advertisement---

झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को KYC अपडेट करने और ATM कार्ड बंद होने का डर दिखाकर ठगी करते थे। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, ATM कार्ड और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों तक फैले हुए हैं।

add

इस मामले का खुलासा जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि उनके निर्देश पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जामताड़ा के सोनबाद और मिहिजाम के बेवा इलाके में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों बिक्रम दास, जय कुमार दास और हेमंत दास को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से लोगों को अपना निशाना बनाते थे। वे फोन कर स्वयं को बैंक का अधिकारी बताते और केवाईसी अपडेट नहीं होने या एटीएम कार्ड बंद होने की बात कहकर लोगों को भ्रमित करते थे। बातचीत के दौरान वे बैंक खाते, डेबिट कार्ड, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल कर लेते थे। इसके बाद बैंक खातों और ई-वॉलेट के जरिए अवैध लेनदेन कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और सिम कार्ड की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि साइबर ठगी के अन्य मामलों और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में इस गिरोह के नेटवर्क के कई राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि जांच के दौरान साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे सामने आएंगे।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सीवीवी, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति बैंक अधिकारी बनकर इस प्रकार की जानकारी मांगता है तो तुरंत सतर्क रहें और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।

Also Read- गोड्डा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment