बिहार के मुंगेर जिले में रहने वाली एक महिला का वीडियो पिछले तीन दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। ये वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ था। वायरल वीडियो में एक महिला अपने पति को गुलाब और शराब देते हुए नजर आ रही है। बात यहीं खत्म नहीं हुई इसी महिला की पिस्टल के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें सामने आने के बाद मुंगेर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

मुंगेर पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो 7 फरवरी का बताया जा रहा है। वीडियो में जो महिला गुलाब, गन और शराब के साथ दिख रही है उसकी पहचान कंचन देवी के रूप में हुआ है। महिला रोज़ डे के अवसर पर अपने पति को गुलाब भेंट करती दिख रही है। इसके बाद वह अपने पति को एक गिलास में शराब और शराब की बोतल देते हुए दिखाई देती है। जबकि बिहार में शराब बंदी लागू है। इस वीडियो को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर साझा किया गया था। जिसके बाद ये सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और चर्चा का विषय बन गया।
इसी दौरान सोशल मीडिया पर कंचन देवी की कुछ तस्वीरें भी सामने आईं। जिनमें वह एक ब्यूटी पार्लर में पिस्टल के साथ फोटो खिंचवाती दिखाई दे रही हैं। तस्वीरें वायरल होते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। जिसने संबंधित महिला के घर पर छापेमारी की और सच्चाई को उजागर किया।
जांच में सामने आया कि वायरल तस्वीर में दिखाई दे रहा पिस्टल दीनदयाल चौक निवासी विशाल कुमार का लाइसेंसी हथियार है। उसी पिस्टल के साथ कंचन देवी ने फोटो खिंचवाई थी। पुलिस ने इस मामले में कंचन देवी और लाइसेंसी हथियार धारक विशाल कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read- फरवरी का दूसरा हफ्ता बनेगा खास: नई फिल्में और वेब सीरीज की भरमार





