पाकुड़ जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आपात स्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला पुलिस को 14 नए बोलेरो पेट्रोलिंग वाहन और 18 पेट्रोलिंग मोटरसाइकिल उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों को सांसद और विधायकों समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
समाहरणालय परिसर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आयोजित कार्यक्रम में सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, पाकुड़ विधायक निसात आलम, उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने संयुक्त रूप से वाहनों को रवाना किया।
झारखंड सरकार और पुलिस मुख्यालय, रांची की ओर से उपलब्ध कराए गए 14 नए बोलेरो पेट्रोलिंग वाहनों तथा 18 पेट्रोलिंग मोटरसाइकिलों को जिले के विभिन्न थाना, ओपी एवं पुलिस प्रतिष्ठानों को सुपुर्द किया गया है। इससे ग्रामीण और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नियमित गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
नए वाहनों के मिलने से पुलिसकर्मियों की मौके पर पहुंचने की क्षमता भी बढ़ेगी। किसी अपराध, दुर्घटना, विवाद या अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। पेट्रोलिंग मोटरसाइकिलों के जरिए संकरी सड़कों, बाजार क्षेत्रों और ऐसे स्थानों तक भी पुलिस की पहुंच आसान होगी, जहां बड़े वाहनों के पहुंचने में परेशानी होती है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल से जिले में अपराध पर नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की निगरानी और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में सहायता मिलेगी। खासकर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ने से असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई करने में पुलिस को सहूलियत होगी।
इस पहल से पाकुड़ जिले में पुलिस की गश्ती व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है और आम लोगों तक पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने में भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Also Read- झारखंड के पेयजल मंत्री ने केंद्र से लंबित 6105 करोड़ रु के केंद्रांश की मांग की





