आज की रात कयामत की रात साबित हो सकती है। ट्रंप ने अब तक की सबसे बड़ी धमकी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि आज रात ईरान की सभ्यता खत्म हो सकती है जिसे फिर से वापस लाना मुश्किल होगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखे संदेश में कहा कि वे ऐसा करना नहीं चाहते लेकिन लगता है कि उन्हें ऐसा करना पड़ेगा।

ट्रंप की इस धमकी के बाद एक बार फिर कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। नायमेक्स पर ब्रेंट क्रूड का भाव एक बार फिर 110 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए आज रात 8 बजे तक की समय-सीमा दी है। ऐसा माना जा रहा है कि समय-सीमा से पहले दबाव बनाने के लिए ट्रंप ने यह धमकी दी है।
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान ने बात नहीं मानी, तो उसके पावर प्लांट, पुल और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को ध्वस्त कर दिया जाएगा। 47 साल से जारी जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और हत्याओं का खेल हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा। साथ ही ट्रंप ने कहा भगवान ईरान के लोगों की मदद करे।





