हर वर्ष बरसात का मौसम आते ही बेलवाना पंचायत (Belwana Panchayat) के अंजनवा मलुकचाल गांव के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। कच्ची सड़क की बदहाली के कारण बेलवाना पंचायत (Belwana Panchayat) के लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है। इसे लेकर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने समाजसेवी इंकज कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विधायक एवं संबंधित विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। Belwana Panchayat के ग्रामीणों ने बताया कि अंजनवा मलुकचाल गांव में आदिवासी, राय और हरिजन समुदाय सहित लगभग छह से सात सौ की आबादी निवास करती है।

आजादी के दशकों बाद और झारखंड राज्य गठन के वर्षों बीत जाने के बावजूद गांव तक पक्की सड़क नहीं बन सकी है। बरसात के दिनों में कच्ची सड़क कीचड़ से भर जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण सबिता कुमारी और बबीता देवी ने कहा कि बारिश के समय सड़क पर बाइक चलाना तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो जाता है। चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण का वादा करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही गांव की समस्या को भूल जाते हैं। उन्होंने बताया कि धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी को भी पूर्व में समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
अनीता देवी ने कहा कि सड़क खराब रहने के कारण बरसात में एंबुलेंस सहित कोई भी वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाता। किसी के बीमार होने पर उसे गोद में उठाकर खोरों मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। वहीं कविता देवी ने बताया कि गांव में पेयजल की भी गंभीर समस्या है। गर्मी के दिनों में पानी के लिए काफी भटकना पड़ता है। विधायक मद से अब तक एक भी चापाकल नहीं लगाया गया है। पहले से लगे दो चापाकल भी खराब पड़े हैं। ग्रामीण कुओं पर निर्भर हैं, जो गर्मी में सूख जाते हैं। समाजसेवी इंकज कुमार ने कहा कि यदि जल्द ही गांव में पक्की सड़क का निर्माण शुरू नहीं कराया गया, तो ग्रामीणों के साथ प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।





