झारखंड के जामताड़ा जिले के गोदलीपाहाड़ी स्थित जाहेर थान में मानवी मार्शल क्लब के द्वारा आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व बाहा पर्व पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया।

इस मौके पर गांव के लोग एकजुट हुए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रकृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। पूजा में नायके गिरीस सोरेन, कुडम नायके मैनेजर सोरेन, मांझी बाबा बीबीलाल सोरेन, पौराणिक वीरेंद्र हेंब्रम, मुखिया जोसेफ मुर्मू और ओफिसर सोरेन समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
बाहा पर्व के मुख्य अनुष्ठान के तहत साल वृक्ष के नए फूलों की पूजा की गई। इस पर्व के माध्यम से प्रकृति, पेड़-पौधों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। युवक-युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर, ढोल और अन्य वाद्य यंत्रों की थाप पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
पूरे आयोजन में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से इस पर्व को मनाया और अपनी परंपराओं को सहेजने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
बाहा पर्व का महत्व
बाहा पर्व, जिसे ‘फूलों का त्योहार’ भी कहा जाता है, संथाल आदिवासी समाज का एक प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव है। ‘बाहा’ का अर्थ ही होता है फूल, और यह पर्व वसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति में आए नवजीवन का उत्सव है।
यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर होता है। आदिवासी मान्यता के अनुसार पेड़-पौधों, जल स्रोतों और जंगलों में भी जीवन और आत्मा का वास होता है। ऐसे में बाहा पर्व के दिन प्रकृति की पूजा कर अच्छी फसल, सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की जाती है।
साल वृक्ष के नए फूलों की पूजा इस पर्व का प्रमुख हिस्सा है, जो नए जीवन और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इसी कारण इसे आदिवासी नववर्ष के रूप में भी देखा जाता है। बाहा पर्व सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। इस दिन लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ जुटते हैं, नृत्य-गीत के माध्यम से खुशी व्यक्त करते हैं और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं। आज के दौर में यह पर्व पर्यावरण संरक्षण का भी महत्वपूर्ण संदेश देता है, जो प्रकृति और मानव के बीच संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
Also Read- कटिहार में म्यूल अकाउंट के जरिए 2 करोड़ से अधिक का साइबर फ्रॉड, गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार





