Aurangabad: देव प्रखंड के सटवट गांव में शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया जाएगा। इस भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। यज्ञ समिति की ओर से इस आयोजन को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें समिति के संरक्षक प्रवीण कुमार सिंह सहित अन्य सदस्यों ने विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जिस तरह से देव सूर्य मंदिर में पहले भव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया था, उसी तर्ज पर सटवट गांव में भी रुद्र महायज्ञ की भव्य तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस महायज्ञ में देश के कोने-कोने से ख्यातिप्राप्त संतों का आगमन होगा और लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना है।
महायज्ञ की शुरुआत 19 मई को जलभरी के साथ होगी, जिसके बाद 20 मई से साधु-संतों के प्रवचन प्रारंभ होंगे। यज्ञ में आने वाले विशिष्ट संतों के लिए हेलिकॉप्टर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके लिए गांव में हेलिपैड का निर्माण किया गया है। श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए भोजन, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है।
सिंह ने बताया कि पंडाल निर्माण और अन्य तैयारियों के लिए बाहर से मजदूर बुलाए गए हैं। साधु-संतों के ठहरने के लिए कुटिया का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। यज्ञ स्थल पर एक भव्य शिव मंदिर का निर्माण कराया गया है, जिसकी प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में यह रुद्र महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है।
Also Read: नीट परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सातों केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती
अंत में यज्ञ समिति ने मीडिया के माध्यम से आम लोगों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन में अवश्य भाग लें और पुण्य लाभ प्राप्त करें। यह महायज्ञ न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में भी एक नया अध्याय जोड़ेगा।