नीदरलैंड्स दौरे पर प्रधानमंत्री Narendra Modi ने दुनिया के सामने नए भारत का विजन मजबूती से रखा। हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब सिर्फ तेजी से विकास करने वाला देश नहीं रहा, बल्कि दुनिया की अर्थव्यवस्था और तकनीक को दिशा देने वाला “ग्लोबल ग्रोथ इंजन” बन चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत बड़े सपने देखने के साथ-साथ उन्हें पूरा करने की क्षमता भी रखता है। ओलंपिक की मेजबानी की महत्वाकांक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बढ़ती भागीदारी, स्टार्टअप क्रांति, डिजिटल इंडिया अभियान और अंतरिक्ष मिशनों की सफलताएं नए भारत की पहचान बन चुकी हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक बदलावों का गवाह बन रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि भारत ने सफलतापूर्वक G20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया और दुनिया के सबसे बड़े AI समिट की मेजबानी भी की। उनके मुताबिक, यह केवल उपलब्धियां नहीं बल्कि बदलते भारत की नई पहचान हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। इसके साथ ही देश में दुनिया का सबसे बड़ा यूनिक आईडी प्रोग्राम और सबसे बड़ा वित्तीय समावेशन अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि डिजिटलाइजेशन की तेज रफ्तार ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज देश दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना भी चला रहा है, जिससे करोड़ों लोगों को फायदा मिल रहा है।
अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने चांद के उस हिस्से तक पहुंचकर इतिहास रचा है, जहां पहले कोई देश नहीं पहुंच पाया था। उन्होंने इसे नए भारत के बढ़ते आत्मविश्वास और महत्वाकांक्षा का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने 16 मई 2014 के लोकसभा चुनाव परिणामों को याद करते हुए कहा कि कई दशकों बाद देश में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी थी। उन्होंने कहा, “करोड़ों भारतीयों का विश्वास मुझे रुकने या थकने नहीं देता।”
हेग में भारतीय समुदाय की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विदेशों में रहने के बावजूद भारतीयों ने अपनी संस्कृति, त्योहारों और पारिवारिक मूल्यों को पूरी श्रद्धा के साथ संभालकर रखा है।
उन्होंने कहा कि समय बदला, पीढ़ियां बदलीं और देश बदले, लेकिन भारतीय संस्कार और अपनापन आज भी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारतीय संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवित है और पूरी दुनिया को जोड़ने का काम कर रही है।




