पश्चिम Bengal के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले की जांच अब सीबीआई ने तेज कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की पड़ताल के लिए सीबीआई की आठ सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है, जिसमें झारखंड के दो अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। टीम का नेतृत्व सीबीआई दिल्ली के डीआईजी पंकज कुमार सिंह कर रहे हैं।

जांच टीम में सीबीआई दिल्ली के एसपी सुबोध चंद्र कुंडू और अनिल कुमार यादव के अलावा झारखंड से सीबीआई धनबाद के डीएसपी विकास पाठक तथा रांची के डीएसपी कुलदीप शामिल हैं। वहीं बिहार से सीबीआई पटना के डीएसपी अमित कुमार और उत्तर प्रदेश से सीबीआई लखनऊ के इंस्पेक्टर विवेक श्रीवास्तव भी जांच टीम का हिस्सा हैं।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, इस हत्याकांड में बिहार और उत्तर प्रदेश से शूटरों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना में इस्तेमाल की गई कार का कनेक्शन झारखंड से जुड़ा हुआ है। इसी वजह से झारखंड में भी जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
बताया गया है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई 2026 की रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम थाना क्षेत्र स्थित दोलतला इलाके में हुई थी। मामले में 7 मई को मध्यमग्राम थाने में कांड संख्या 353/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
फिलहाल सीबीआई हत्या की साजिश, शूटरों के नेटवर्क और विभिन्न राज्यों से जुड़े कनेक्शनों की गहन जांच कर रही है।




