धनबाद के पाथरडीह थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां चासनाला सेल वाशरी में कार्यरत एक कर्मी को बोलेरो वाहन से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था लेकिन CCTV फुटेज और घायल के होश में आने के बाद दिए गए बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। पीड़ित पक्ष ने इसे सुनियोजित साजिश और जानलेवा हमला बताया है। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज रांची के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। मामले में पीड़ित की पत्नी ने पाथरडीह थाना में नामजद शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस जांच में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजूडीह के इस्लामपुर निवासी एवं चासनाला सेल वाशरी के कर्मी आसिफ जावेद 24 जुलाई की दोपहर नमाज अदा करने के बाद ड्यूटी के लिए निकले थे। शाम के समय परिजनों को सूचना मिली कि वे सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पहले उन्हें सेल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें रांची स्थित मेदांता अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब घायल आसिफ जावेद को होश आया। परिजनों के अनुसार, उन्होंने अपनी पत्नी को बताया कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं थी, बल्कि बीरेंद्र महतो और उसके एक साथी ने जानबूझकर बोलेरो से उन्हें कुचलने का प्रयास किया। इसी बीच घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बोलेरो वाहन की टक्कर की घटना कैद होने का दावा किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह पूरी वारदात पूर्व नियोजित थी।
घायल की पत्नी हाजरा खातून ने पाथरडीह थाना में नामजद शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बताया कि पति के मोबाइल से सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचीं, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर थी। होश में आने के बाद आसिफ जावेद ने इशारों और बातचीत के माध्यम से कथित आरोपियों के नाम बताए और घटना को जानलेवा हमला बताया। फिलहाल पुलिस शिकायत, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- बाघमारा में बिजली तार जोड़ने के विवाद ने लिया हिंसक रूप





