पलामू के चैनपुर प्रखंड के रामपुर मल्लाह टोली में सामंती तत्वों द्वारा भूमि विवाद को लेकर की गई गोलीबारी, हत्या और कई लोगों को गंभीर रूप से घायल करने की जघन्य घटना के खिलाफ भाकपा माले और अखिल भारतीय किसान महासभा ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।

पलामू शहर के स्वागत होटल में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए माले नेताओं ने पुलिस और प्रशासन की शिथिलता पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सामंती ताकतों द्वारा गरीबों और वंचितों की आवाज को दबाने के इस क्रूर प्रयास को भाकपा माले किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और सड़क से लेकर सदन तक इंसाफ की आवाज बुलंद की जाएगी।
इस बर्बर हत्याकांड के खिलाफ और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए आगामी 05 जून को रामपुर मल्लाह टोली में एक विशाल प्रतिरोध संकल्प सभा का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक सभा को मुख्य रूप से वामपंथी आंदोलन के शीर्ष नेता संबोधित करेंगे जिनमें झारखंड विधायक दल के नेता कॉमरेड अरूप चटर्जी, बिहार विधायक दल के नेता कॉमरेड अरुण सिंह और बगोदर के पूर्व विधायक सह केंद्रीय पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड विनोद सिंह विशेष रूप से पलामू पहुंच रहे हैं।
प्रेस वार्ता के माध्यम से भाकपा माले ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के सामने अपनी स्पष्ट मांगें रखी हैं। संगठन ने मांग की है कि घटना को अंजाम देने वाले सभी नामजद अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और इलाके के रसूखदार तत्वों के सभी लाइसेंसी हथियारों को तुरंत रद्द किया जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा, पूर्ण इंसाफ और चालीस लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए।
नेताओं ने चेतावनी दी कि रामपुर हत्याकांड के खिलाफ उठ रही लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने के हर प्रशासनिक या सामंती प्रयास पर तुरंत रोक लगनी चाहिए और इलाके में जल्द से जल्द अमन-चैन व सुरक्षा का माहौल बहाल होना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का 2 दिवसीय झारखंड दौरा
इस महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाकपा माले के राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह जिला सचिव कॉमरेड रविन्द्र भुइयां, अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य अध्यक्ष कॉमरेड बी एन सिंह, पलामू जिला अध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा, जिला सचिव कमेश सिंह चेरो, रामराज पासवान, सरफराज आलम, ललन प्रजापति, नर्वदेश्वर सिंह, कपिलदेव प्रजापति, लालमोहन प्रजापति, इंकलाबी नौजवान सभा के जिला सचिव सह माले पाटन प्रखंड सचिव पवन विश्वकर्मा ,रंजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाकपा माले ने पलामू की समस्त न्यायप्रिय जनता, किसानों, मजदूरों और नौजवानों से अपील की है कि वे 05 जून को रामपुर मल्लाह टोली में आयोजित प्रतिरोध संकल्प सभा में भारी संख्या में शामिल होकर इस सामंती जुल्म के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करें।





