Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

झारखंड के सांसदों का दिल्ली में धरना, भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांग तेज

On: July 31, 2026 3:46 PM
Follow Us:
झारखंड के सांसदों का दिल्ली में धरना, भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांग तेज
---Advertisement---

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत झारखंड भाजपा के सांसदों ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने मौन उपवास कर राज्य सरकार से JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराने की मांग उठाई।

add

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित इस एक घंटे के मौन उपवास के दौरान भाजपा सांसदों ने कहा कि पार्टी झारखंड के छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। मीडिया से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ भाजपा अब आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और छात्रों के न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि छात्रों के आंदोलन के समर्थन में 31 जुलाई की शाम राज्य के सभी 24 जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 1 अगस्त को सभी जिलों में धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उनका कहना था कि भाजपा चाहती है कि छात्रों और युवाओं को यह महसूस हो कि उनकी लड़ाई में पार्टी उनके साथ खड़ी है।

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में झारखंड में JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित कई भर्ती प्रक्रियाओं में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि हालिया 14वीं JPSC परीक्षा में भी गड़बड़ियों के आरोप लगे हैं, लेकिन राज्य सरकार इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न मुद्दों पर जोरदार प्रदर्शन करती है, वही झारखंड के भर्ती घोटालों और छात्रों के मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है। उनके अनुसार कांग्रेस की यह दोहरी नीति युवाओं के हितों के खिलाफ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कई दिनों से छात्र बारिश के बीच सड़कों पर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने दोहराया कि भाजपा JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित सभी विवादित भर्ती मामलों की CBI जांच की मांग पर अडिग है और जब तक छात्रों को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा न्याय नहीं मिलेगा, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

केंद्र सरकार द्वारा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर विपक्ष के विरोध पर भी आदित्य साहू ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष हर अच्छे कदम का विरोध करता है, जबकि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने वाले कानून का स्वागत किया जाना चाहिए।

इस मौन उपवास कार्यक्रम में आदित्य साहू के अलावा सांसद बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह भी मौजूद रहे।

Also Read- झारखंड में JPSC विवाद पर भाजपा का हमला तेज

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment