देवघर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई 15 मई 2026 को जसीडीह थाना क्षेत्र के चटर्जी बगान और कुंडा थाना क्षेत्र के नैयाडीह मैदान स्थित जंगल इलाके में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान की गई।

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों में विकास कुमार मंडल, राजेश यादव, रामदेव महथा, दिनेश शाह, परशुराम मंडल और योगेंद्र मंडल शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो बैगों में पैक 20 पैकेट गांजा, करीब 28 हजार 500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, रेलवे एंट्री परमिट कार्ड और एक वाहन जब्त किया। इसके अलावा एक Yamaha FZS बाइक की सीट के नीचे से अतिरिक्त 172 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया।
इस मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 172/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (II) (बी) एवं 22 (बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
अभियान में एसडीपीओ सदर अशोक कुमार सिंह, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, तकनीकी शाखा के अधिकारी और पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इसे भी पढ़े –





