बोकारो जिले के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर दहेज के लिए वर्षों तक प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता संजना कुमारी ने महिला थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2020 में सेक्टर-12 निवासी सन्नी कुमार के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बेटी के जन्म के बाद पति, सास और देवर का व्यवहार बदल गया। संजना का आरोप है कि इसके बाद दहेज की मांग को लेकर उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी गई।
महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि रिश्ते में ससुर जितेंद्र राम और देवर अश्विनी कुमार कई बार उसके साथ छेड़छाड़ और शारीरिक शोषण की कोशिश कर चुके हैं। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पीड़िता ने 11 मई 2026 की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उस दिन ससुराल वालों ने उसे घर की छत पर ले जाकर जिंदा जलाने की कोशिश की। किसी तरह वह वहां से बचकर सड़क पर भागी, लेकिन आरोप है कि वहां भी उसे घसीटकर बेरहमी से पीटा गया। बाद में घायल अवस्था में वह अपने माता-पिता के साथ महिला थाना पहुंची, जहां शिकायत दर्ज कराने के बाद उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।
संजना कुमारी का कहना है कि इससे पहले वर्ष 2024 में भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें उसे इलाज कराना पड़ा था। हालांकि उस समय सामाजिक पंचायत के दबाव में मामला शांत करा दिया गया था। अब लगातार बढ़ती प्रताड़ना और जान का खतरा देखते हुए उसने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल महिला थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





