रामगढ़ में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं भर्ती समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भर्ती प्रक्रिया की अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी चरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं नियमानुसार पूरा कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कमांडेंट, होमगार्ड नीलिमा सोरे ने समिति को जानकारी दी कि होमगार्ड भर्ती के लिए अभ्यर्थियों से प्राप्त सभी आवेदनों की स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नियमानुसार आगे की प्रक्रिया को सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जिन अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द किए गए हैं, उनकी सूची कारण सहित सार्वजनिक करने को कहा गया, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भर्ती समिति के साथ समन्वय स्थापित कर शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) के आयोजन का विस्तृत रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन के साथ-साथ निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के बाद उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण भी किया। इस दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा में आयोजित होने वाले विभिन्न इवेंट्स को ध्यान में रखते हुए मैदान में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को परीक्षा के विभिन्न इवेंट्स के अनुरूप विस्तृत प्लान तैयार करने तथा अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर विशेष जोर दिया।




