धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की स्पेशल टास्क टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है। शनिवार तड़के गश्त और जांच के दौरान टीम ने ट्रेन संख्या 13051, हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस के पिछले जनरल कोच से तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैले बरामद किए।
ट्रेन के धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंचने के बाद RPF की टीम ने जनरल कोच में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान कुछ संदिग्ध बैग और थैले लावारिस हालत में मिले। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी इन सामानों पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। इसके बाद संदेह के आधार पर बैगों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कुल 66.75 लीटर केन बियर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 20,460 रुपये बताई गई है। बरामद शराब और बियर की बोतलों पर “FOR SALE IN WB ONLY” अंकित पाया गया है। इससे आशंका जताई जा रही है कि शराब को पश्चिम बंगाल से बिहार या अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
ट्रेन के अल्प ठहराव को देखते हुए RPF टीम ने बरामद बैगों को उतारकर गवाहों की मौजूदगी में शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे जब्ती की कार्रवाई पूरी की।
RPF पोस्ट धनबाद के उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपा जाएगा। वहीं, पुलिस और संबंधित विभाग शराब तस्करी से जुड़े मुख्य आरोपी तथा शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।
इससे पहले भी 2 सितंबर को धनबाद स्टेशन पर ही आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने ट्रेन संख्या 13051 के जनरल कोच से 130 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और केन बीयर जब्त की, जिसकी कुल कीमत लगभग 38,160 रुपए आंकी गई थी और
जुलाई में लालकुआं एक्सप्रेस के जनरल कोच से आरपीएफ टीम ने 116.5 लीटर विदेशी बीयर बरामद की थी। इस कार्रवाई से रेलवे मार्ग के जरिए अवैध शराब की तस्करी करने वालों पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और सख्ती का संकेत मिलता है।
Also Read- पटना में गंगा का रौद्र रूप, खतरे के निशान से काफी ऊपर पानी





