धनबाद जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत बरोरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बरोरा चेकपोस्ट के समीप कुछ युवकों ने एक युवक पर कथित रूप से दो राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि इस हमले में युवक बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, बरोरा चेकपोस्ट निवासी शंकर मंडल के पुत्र मधु मंडल पर यह हमला किया गया। मधु मंडल ने आरोप लगाया कि सन्नी चौहान, राज चौहान और आकाश चौहान अचानक उसके पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि तीनों ने यह कहते हुए विवाद शुरू किया कि वह कुछ लोगों का साथ देता है। इसके बाद पहले उसके साथ मारपीट की गई और एक थप्पड़ मारा गया। फिर आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर उसकी ओर दो राउंड फायरिंग कर दी। सौभाग्य से गोली उसे नहीं लगी और उसकी जान बच गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बरोरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। भुक्तभोगी मधु मंडल ने मामले को लेकर बरोरा थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा के डीएसपी अजीत कुमार बिमल भी बरोरा थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एक युवक द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसमें बरोरा चेकपोस्ट के पास कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दो राउंड फायरिंग कर फरार होने का उल्लेख किया गया है।
डीएसपी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बरोरा थाना के अलावा आसपास के दो से तीन अन्य थानों के थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी भी जांच में लगाए गए हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सत्यता की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। बाघमारा में इस साल अब तक लगभग 4 से 5 बड़ी हिंसक गोलीबारी और बमबाजी की घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं।
इसे भी पढ़ें- Dhanbad: भटिंडा फॉल में सेल्फी बनी जानलेवा, युवक की डूबने से मौत





